डलहौजी रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक विभाग का सख्त एक्शन
पठानकोट के डलहौजी रोड पर प्यारा लाल पेट्रोल पंप और फूड कोर्ट के पास (पटेल चौक के समीप) स्लिप रोड और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है।
ट्रैफिक इंचार्ज ब्रह्म दत्त ने बताया कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त न होने के बावजूद ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए लगातार मेंटेनेंस और कार्रवाई की जा रही है। स्लिप रोड और वन-वे मार्ग पर ‘नो पार्किंग’ के बोर्ड लगाए जाने के बावजूद वाहन चालक गाड़ियां सड़क पर खड़ी करके चले जाते हैं, जिसके चलते लगातार चालान काटे गए और लोगों को जागरूक किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि वे सड़क पर बनी पीली या सफेद पट्टी को ध्यान में रखते हुए और रास्ता पूरी तरह साफ रखकर ही अपनी गाड़ियां पार्क करें, ताकि बाजार आने-जाने वाले राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।











