पठानकोट के धार ब्लॉक को वर्ल्ड-क्लास टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, ‘वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ प्रोजेक्ट के तहत होगा विकास
पठानकोट के धार ब्लॉक को अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर लाने के लिए एक बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया है। पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव तिवारी के अनुसार, इस ‘वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ प्रोजेक्ट के तहत पठानकोट को वैश्विक मानकों का बुनियादी ढांचा प्रदान किया जाएगा। इस योजना के लिए कुल 400 एकड़ जमीन को अलग-अलग पॉकेट्स में चिन्हित किया गया है और इसे प्रबंधित करने के लिए ‘रणजीतगढ़ डेवलपमेंट अथॉरिटी’ का गठन किया जा रहा है, जिसकी स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे।
प्रोजेक्ट के तहत विभिन्न पॉकेट्स का विकास किया जा रहा है, जिसमें जुगियाल कॉलोनी (लगभग 100 एकड़) में मॉडर्न अस्पताल, ओल्ड ऐज होम और प्राइवेट होम्स बनाए जाएंगे।
इसके अलावा रावी सदन, थड़ा ऊपरला, कोलार आइलैंड, पलंगी आइलैंड और अफंगोता वैली में इको-रिसॉर्ट्स, 4-5 स्टार होटल्स, वाटर स्पोर्ट्स, क्रूज़ सफारी और उत्तर भारत का पहला वेलनेस कम रिजुवेनेशन सेंटर स्थापित करने की योजना है। इन सभी पॉकेट्स का विकास पीपीपी (PPP) मोड के तहत निजी खिलाड़ियों के माध्यम से कराया जाएगा।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए जुगियाल से सीधे नेशनल हाईवे तक के 7-8 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोर-लेन करने की योजना है ताकि पर्यटकों को शहर के अंदर से न गुजरना पड़े। इसके साथ ही, एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को सुचारू बनाने के लिए भी नागरिक उड्डयन मंत्रालय से बातचीत जारी है ताकि पर्यटकों को सीधी पहुंच मिल सके। इस प्रोजेक्ट से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की लैंड वैल्यू और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी भारी वृद्धि होगी।












