भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, 330 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम जारी
सिहुंता:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने जनजातीय भवन सिहुंता में भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने समीक्षा करते हुए बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भारी-भरकम राशि खर्च की जा रही है।
इसके तहत जल शक्ति विभाग द्वारा विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर लगभग 191 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 141 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कई प्रमुख और अहम परियोजनाओं की प्रगति की भी विशेष रूप से समीक्षा की। इसमें मुख्य रूप से प्रस्तावित संयुक्त कार्यालय भवन, परिधि गृह (रेस्ट हाउस) का निर्माण, निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय सिहुंता, विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के नए भवन, तथा आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत स्वीकृत एवं जारी विभिन्न कार्य शामिल रहे। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।













