AMI News Special Report: नूरपुर के प्राचीन बृज राज स्वामी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक पाई आस्था
नूरपुर:ऐतिहासिक नगरी नूरपुर के प्रसिद्ध बृज राज स्वामी मंदिर में जन्माष्टमी पर्व पर भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। यह देश का एकमात्र ऐसा अनोखा मंदिर है, जहां भगवान श्री कृष्ण के साथ राधा जी नहीं, बल्कि उनकी अनन्य भक्त मीराबाई जी की मूर्ति विराजमान है। मान्यता है कि इस मूर्ति की पूजा स्वयं मीराबाई करती थीं।
साक्षात कान्हा के आने के संकेत
किवदंतियों के अनुसार, आज भी रात को यहां साक्षात कान्हा जी आते हैं और सुबह उनके विश्राम के संकेत मिलते हैं। इसी अटूट आस्था का परिणाम है कि सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पाई। सुबह 6:00 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लग गईं और पूरा मंदिर परिसर श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
भव्य लंगर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नन्हे-मुन्ने बच्चे बाल गोपाल और राधा का रूप धरकर मंदिर पहुंच रहे हैं। स्वर्गीय आर.के. महाजन के परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई है। वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बुजुर्गों को छोड़कर बाकी गाड़ियों के लिए अलग पार्किंग तय की गई है। मौसम चाहे जैसा भी हो, नूरपुर में आस्था का यह सैलाब हर साल अनूठा संदेश देता है।











