AMI News: पठानकोट में पैसों के लेन-देन को लेकर कार रोककर तेजधार हथियारों से हमला, रमनप्रीत सहित 5-6 पर मामला दर्ज
पठानकोट:पठानकोट में पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते पुरानी रंजिश के तहत युवकों ने एक कार को रोककर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और तोड़फोड़ की। थाना-1 की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी रमनप्रीत और उसके 5-6 अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कार के आगे गाड़ी अड़ाकर रोका रास्ता
उत्तम गार्डन कॉलोनी मनवाल के रहने वाले रोहित गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 सितंबर को दोपहर करीब 1:05 बजे वह अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह आंसल कॉलोनी मोड़, अब्रोल नगर के पास पहुंचे तो एक सफेद रंग की गाड़ी में सवार 5-6 युवकों ने अचानक अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
कार के शीशे तोड़े और किया वार
कार रुकते ही गाड़ी से उतरे युवकों में से एक की पहचान रमनप्रीत के रूप में हुई, जिनके पास दातर और अन्य तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने आते ही कार के शीशे तोड़ दिए। जब शिकायतकर्ता बाहर आए तो रमनप्रीत ने जान से मारने की नीयत से दातर से उनके सिर पर वार कर दिया। रोहित ने अपना दायां हाथ आगे करके बचाव किया, जिससे दातर का वार उनके हाथ पर लगा।
वीडियो बनाया और दी धमकियां
रोहित का आरोप है कि हमले के दौरान एक आरोपी अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो भी बना रहा था। शोर मचाने पर सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
4.50 लाख रुपए का लेन-देन बना वजह
शिकायतकर्ता के अनुसार, इस हमले की मुख्य वजह पैसों का विवाद है। रोहित गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने दमनप्रीत को साढ़े चार लाख रुपए दिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं लौटा रहा था। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
थाना-1 की पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर रमनप्रीत और उसके 5-6 अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 115(2), 351(2), 126(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।











