सुजानपुर में नगर कौंसिल की लापरवाही, बच्चों से भरी स्कूल वैन खड्डे में फंसी
सुजानपुर में नगर कौंसिल के कामकाज पर एक बार फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में सामने आई एक तस्वीर ने नगर प्रशासन की पोल खोल दी है, जहां बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक वैन अचानक सड़क पर बने खड्डे में फंस गई और देखते ही देखते पलटने की स्थिति में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल वैन रोज की तरह बच्चों को घर-घर से लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गली में नगर कौंसिल की ओर से चल रहे कार्यों के कारण सड़क पर गड्ढा बना हुआ था, जिसमें वैन का पहिया अचानक धंस गया। वैन में बच्चे सवार होने के कारण कुछ सेकंड के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी बच्चों को वैन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर कौंसिल के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली है। लोगों का आरोप है कि यदि सड़क पर काम चल रहा था, तो वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और बैरिकेडिंग क्यों नहीं की गई? बच्चों की आवाजाही वाले रास्तों पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि अगर आज वैन पलट जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?
बारिश के मौसम में निर्माण कार्य पर रोष
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बारिश के मौसम में गलियों और सड़कों खोदने का काम किया जा रहा है, जिससे आम जनता और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने मांग की है कि नगर कौंसिल को विकास कार्यों में जनसुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए और इस तरह की लापरवाही पर सख्त कदम उठाने चाहिए।












