सोल्बनेहड़ 16 वर्षीय संदिग्ध मौत मामला: पुलिस की जांच दूसरे दिन भी जारी, सात दोस्तों से पूछताछ और खंगाले गए सीसीटीवी
लंबागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोल्बनेहड़ में 16 वर्षीय अभिलाष की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है, जिस पर पुलिस की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए मृतक के साथ पढ़ने वाले और उसके नजदीकी संपर्क में रहे सात युवकों से मंगलवार को गहन पूछताछ की, साथ ही जयसिंहपुर से सुजानपुर तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। उल्लेखनीय है कि सोल्बनेहड़ निवासी अभिलाष 27 अगस्त को रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हुआ था और 28 अगस्त को घर से कुछ दूरी पर बदहवास हालत में मिला था।
इसी दिन उसका एक अन्य दोस्त भी लापता हुआ था, जिसे मोबाइल लोकेशन के आधार पर दिल्ली में ट्रेस किया गया, जबकि टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान 30 अगस्त को अभिलाष की मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने 31 अगस्त को पुलिस थाना लंबागांव का घेराव कर चक्का जाम किया था और अपहरण के बाद नशीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
हालांकि, पुलिस के जल्द मामले की तह तक पहुंचने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया था। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर बुधवार शाम या वीरवार सुबह तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की संभावना है।











