सुजानपुर के शिव एवेन्यू में जलभराव का तांडव, दो फीट तक भरा पानी; पीने का पानी भी हुआ दूषित
सुजानपुर के शिव एवेन्यू में जल निकासी की गंभीर समस्या के कारण बारिश बंद होने के दो दिन बाद भी गलियों और मोहल्लों में डेढ़ से दो फीट तक पानी खड़ा है। लोगों के घरों और कोठियों के अंदर पानी घुसने से महंगी कारें और बाइकें पूरी तरह डूब चुकी हैं, जिससे निवासियों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
पीने के पानी का स्रोत दूषित हो चुका है और लोग न तो बच्चों को पानी पिला पा रहे हैं और न ही नहला पा रहे हैं, जिससे बच्चों में बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है क्योंकि जलभराव और रास्ते बंद होने के कारण वे पिछले एक महीने से स्कूल जाने से वंचित हैं और घरों में कैद रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों कैलाश चंद्र, शिव कुमार और रेबला का आरोप है कि उन्होंने सैनिटरी इंस्पेक्टर रघु गुप्ता, ईओ साहब और स्थानीय एमसी शमशेर सिंह को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन अधिकारी सिर्फ सर्वे करके चले जाते हैं और बिना किसी समाधान के शिकायतें बंद कर दी जाती हैं।
मोहल्लेवासियों ने नगर कौंसिल सुजानपुर और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताते हुए मांग की है कि अधिकारी अपनी नींद से जागें, शिव एवेन्यू का दौरा करें और इस समस्या का तुरंत स्थायी समाधान निकालें।












