बरोटीवाला में विजीलैंस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते महिला पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार
औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (विजीलैंस) बद्दी की टीम ने बरोटीवाला पटवार सर्कल में तैनात एक महिला पटवारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजीलैंस थाना बद्दी के अंतर्गत यह कार्रवाई प्रभारी अनिल मेहता की अगुवाई वाली टीम ने पूरी की। विजीलैंस अधिकारियों के अनुसार, बरोटीवाला के एक स्थानीय निवासी ने विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित महिला पटवारी उनके एक जरूरी काम को पूरा करने के एवज में भारी-भरकम रिश्वत की मांग कर रही है।
शिकायत मिलने के बाद विजीलैंस टीम ने पूरी योजना तैयार की और एक ट्रैप लगाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को एक लाख रुपये नकद देकर महिला पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही महिला पटवारी ने वह रकम अपने हाथ में ली, पहले से मुस्तैद विजीलैंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई
आईजी विजीलैंस बिमल गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा गया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। विजीलैंस टीम आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क के बारे में गहराई से पूछताछ की जा सके।











