गुरदासपुर में ज्वेलर के घर चोरी: लकड़ी का काम करने वाले कारीगर पर शक, सीसीटीवी फुटेज आई सामने
गुरदासपुर:शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शंकर नगर मोहल्ले का है, जहां एक सुनार के घर से करीब तीन तोले सोना, चांदी के गहने और नकदी चोरी हो गई है। पीड़ित परिवार ने घर में लकड़ी का काम कर रहे एक व्यक्ति पर चोरी का शक जताया है।
पीड़ित सुनार बालकृष्ण रज्जक पुत्र सुखदेव रज्जक ने बताया कि उनके घर में लकड़ी का काम चल रहा था। काम करने वाले व्यक्ति ने विश्वास हासिल कर अलमारी से करीब तीन तोले सोना, एक चांदी का कड़ा, अन्य चांदी के गहने और 10 से 12 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
पुलिस को दी गई शिकायत
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई है और परिवार ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंप दी है। पीड़ित परिवार का दावा है कि उन्हें यह जानकारी भी मिली है कि चोरी किए गए सोने को धारीवाल में किसी दुकान पर बेचा गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पीड़ित परिवार ने पंजाब के मुख्यमंत्री और गुरदासपुर के एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जल्द से जल्द इंसाफ दिलाने की मांग की है।











