हिमाचल प्रदेश में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई तीव्रता
हिमाचल प्रदेश में आज सुबह 5:46 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.0 दर्ज की गई। यह कंपन लगभग तीन सेकंड तक महसूस किया गया, जिससे घबराए हुए लोग अपने घरों से बाहर खुले में भाग निकले। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
भूकंप का केंद्र ज़मीन से 10 किलोमीटर गहराई में स्थित था, जो शिमला से लगभग 66 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में था। शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिलों के कई हिस्सों में भी धरती डोलने के झटके महसूस किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर लोग तुरंत अपने घरों से बाहर आ गए थे।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले, सोमवार सुबह 8:25 बजे लेह-लद्दाख में भी 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।











