इंडोरा से बुढूखर मार्ग बदहाल: गड्ढों में तब्दील सड़क पर चलने को मजबूर लोग, प्रशासन खामोश

- इंडोरा से बुढूखर और दमटाल तक का मुख्य मार्ग पिछले 2 से 4 वर्षों से बेहद जर्जर अवस्था में है।
- सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम जनता का चलना दूभर हो गया है।
- स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और विभाग को गुहार लगाई, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला।
इंडोरा:इलाके की जनता इन दिनों बदहाल सड़कों के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रही है। इंडोरा से बुढूखर और आगे दमटाल तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से खराब हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासन की नींद नहीं खुल रही है। आलम यह है कि इस सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बातचीत के दौरान बताया कि सड़क की यह स्थिति पिछले 2 से 4 सालों से बनी हुई है। इस रास्ते से गुजरने वाले मरीजों, स्कूली बच्चों और दैनिक कामगारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए भी इस रास्ते का उपयोग करना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि सड़क पर बने गड्ढे तालाब का रूप ले चुके हैं।
प्रशासन के कोरे आश्वासन
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) और स्थानीय प्रशासन के चक्कर काटे हैं। हर बार केवल यही आश्वासन मिलता है कि “डिपार्चर रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू होगा।” लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
जनता की मुख्य मांग
क्षेत्रवासियों और स्थानीय दुकानदारों ने कड़े शब्दों में मांग की है कि प्रशासन राजनीति या देरी करने के बजाय इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाए। जनता का किसी से कोई विरोध नहीं है, वे केवल अपने क्षेत्र के विकास और सुगम यातायात की सुविधा चाहते हैं ताकि आम जनता को इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।











