चंबा में 18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस, 1.55 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल दवा
चंबा: जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी 18 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस (NDD) का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आज उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में आगामी अभियान की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अभियान के मुख्य बिंदु:
- लक्ष्य: जिले भर में 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के कुल 15,5087 शिशुओं, बच्चों और किशोरों को कृमि नाशक दवा ‘एल्बेंडाजोल’ खिलाई जाएगी।
- विटामिन ‘ए’ की खुराक: इस दौरान 1 वर्ष से 5 वर्ष तक की आयु के 39,534 बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक भी पिलाई जाएगी।
- मॉप-अप राउंड: जो बच्चे किसी कारणवश 18 सितंबर को यह दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए 24 सितंबर को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा ताकि शत-प्रतिशत बच्चों को कवर किया जा सके।
प्रशासन के सख्त निर्देश:
अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल ने संबंधित विभागों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं:
- महिला एवं बाल विकास विभाग: जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस दौरान सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- शिक्षा विभाग: प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा उपनिदेशकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दिन सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रहे।
- निगरानी व्यवस्था: जिला एवं खंड स्तर पर इस पूरे अभियान की प्रभावी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी बच्चा इस स्वास्थ्य लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी, डॉ. सुहेल, और डॉ. राजकुमार सूर्या (मेडिकल कॉलेज चंबा) सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











