राहुल गांधी का संसद मार्ग थाने के बाहर धरना: पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप

नई दिल्ली:कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज राजधानी दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट (संसद मार्ग) पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए, जहां उनके साथ कई अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद हैं।
यह पूरा मामला 20 जुलाई को हुए एक प्रदर्शन का है, जिसमें 19 वर्षीय युवक साहित लोचब पेलेट गन लगने से घायल हो गए थे। राहुल गांधी इसी युवक के मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर (FIR) दर्ज न किए जाने का कड़ा विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, 14 अगस्त को साहित लोचब अपने परिवार और वकीलों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे थे और वहां पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। 17 तारीख को ईमेल और फोन के माध्यम से भी इस मामले को फिर उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद आईओ (जांच अधिकारी) का नंबर नहीं दिया गया और न ही शिकायत की कोई पावती (Receipt) दी गई।
आज राहुल गांधी पीड़ित को साथ लेकर एक बार फिर दिल्ली पुलिस के पास पहुंचे और आईओ का नंबर दिए जाने की मांग पर जोर दिया, लेकिन डीसीपी द्वारा जांच अधिकारी का नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया। सूत्रों का कहना है कि जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती, तब तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष वहीं डटे रहेंगे।










