सुजानपुर में सिंचाई विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण ध्वस्त; आप नेता साहिब सिंह साबा ने साधा निशाना
सुजानपुर (पठानकोट):सिंचाई विभाग द्वारा सुजानपुर के नहरी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी के जरिए सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों, खोखों और ढाबों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय दुकानदारों और पीड़ित परिवारों में भारी रोष है। प्रभावित लोगों का आरोप है कि विभाग ने बिना किसी पूर्व नोटिस या सूचना के यह कार्रवाई की, जिससे उनकी आजीविका और दुकानें पूरी तरह से तबाह हो गई हैं।
बिना नोटिस गरीबों के रोजगार पर चला बुलडोजर: आप नेता साहिब सिंह साबा
घटना की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी (आप) के नेता साहिब सिंह साबा प्रभावित स्थल पर पहुंचे और पीड़ितों का हाल जाना। प्रशासन की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने कहा कि बिना लिखित रिपोर्ट या सूचना दिए सालों से यहां रोजी-रोटी कमा रहे गरीब लोगों के आशियाने और दुकानें उजाड़ दी गई हैं।
साहिब सिंह साबा ने सवाल उठाया कि जब 5% किराया बढ़ाकर लीज आगे बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन था, तो अचानक यह कार्रवाई क्यों की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय केवल गरीब दुकानदारों को निशाना बनाया गया है।
अदालत और मुख्यमंत्री तक ले जाएंगे लड़ाई
आप नेता ने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि वे इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक की लड़ाई के लिए वे हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और मुख्यमंत्री भगवंत मान के समक्ष मामला उठाएंगे तथा जब तक प्रभावितों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।













