गुरदासपुर: वरसोला में मनियारी स्टोर के ताले तोड़ नकदी व लाखों का सामान चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात
दुकानदार जब सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो चला पता, पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर शुरू की जांच।
गुरदासपुर के नजदीकी गांव वरसोला में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक मनियारी स्टोर को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 70 हजार रुपये से अधिक की नकदी सहित लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर रफूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी सुबह उस वक्त हुई जब दुकान मालिक रोजमर्रा की तरह दुकान खोलने पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकान मालिक भिंडर मनियारी स्टोर को रोजाना की तरह बीती रात भी ताले लगाकर सुरक्षित बंद करके घर गया था। सुबह जब वह वापस आया तो दुकान के मुख्य ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाने पर देखा कि सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था और गल्ले में रखी नकदी समेत काफी सारा महंगा सामान गायब था। पीड़ित ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरों की पूरी करतूत सामने आ गई। चोर 70 हजार रुपये नकद और लाखों का सामान बटोर ले गए हैं।
पुलिस ने शुरू की तफ्तीश:
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है।
गांव वालों की जल्द गिरफ्तारी की मांग:
वारदात के बाद गांव वरसोला के निवासियों और पीड़ित व्यापारी में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुई नकदी व सामान बरामद किया जाए।











