AMI News: सुजानपुर में नगर काउंसिल के सफाई दावों की खुली पोल, स्टेडियम और सुविधा केंद्र के बाहर गंदगी का अंबार
सुजानपुर : सुजानपुर शहर में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर नगर काउंसिल की सफाई व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि अब कूड़ा-कचरा सड़कों तक पहुंचने लगा है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली ग्राउंड और स्टेडियम के बाहर डंप
सुजानपुर के बिजली ग्राउंड में जमा कूड़े का ढेर अब सड़क तक फैल चुका है। वहीं दूसरी ओर युवाओं और बच्चों के खेलने के लिए बनाए गए स्टेडियम के बाहर भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हैरान करने वाली बात यह है कि दीवारों पर “स्वच्छ भारत अभियान” के बड़े-बड़े संदेश और स्लोगन लिखे गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक उलट है।
सुविधा केंद्र व बाल विकास कार्यालय के पास बुरा हाल
इतना ही नहीं, बाल विकास प्रोजेक्ट कार्यालय (CDPO Office) और पंजाब सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए सुविधा केंद्र के आसपास भी पूरे शहर का कूड़ा कथित तौर पर डंप किया जा रहा है।
संक्रामक बीमारियों का खतरा
कचरे के ढेरों से उठने वाली तीव्र दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास काम करने वाले कर्मचारियों, सुविधा केंद्र में अपने कार्य के लिए आने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय बना हुआ है।
प्रशासन की अनदेखी पर उठे सवाल
जब शहर को साफ-सुथरा रखने की प्राथमिक जिम्मेदारी नगर काउंसिल की है, तो ऐसे में जगह-जगह लगे यह कूड़े के ढेर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था सिर्फ दावों और कागजों तक सीमित रह गई है। अब देखना यह होगा कि नगर काउंसिल सुजानपुर इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर गंदगी के इन ढेरों को कब तक हटवाती है और शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करती है।












