कागज़ों पर मज़बूत, बारिश में लाचार: धारीवाल पुल की सड़क का बुरा हाल — AMI News
धारीवाल (पठानकोट):विकास के बड़े-बड़े दावे और सड़कों की मज़बूती के वादे पहली बारिश की बौछार में ही बहते नजर आ रहे हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रशासन की अनदेखी के चलते धारीवाल पुल की सड़क की खस्ताहाली इस कदर बढ़ चुकी है कि यहाँ से गुजरना हादसों को खुला निमंत्रण देना साबित हो रहा है।
गड्डों में तब्दील हुई सड़क, पानी भरने से बढ़ा खतरा
धारीवाल पुल पर जगह-जगह बड़े और गहरे खड्डे हो चुके हैं। बारिश का पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का सही अंदाज़ा नहीं हो पाता, जिससे दोपहिया और चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। गड्ढों से बचने के फेर में चालकों को पुल के बेहद संकरे हिस्से से एक ही लाइन में निकलना पड़ रहा है।
रात के अंधेरे में मंडरा रहा जानलेवा खतरा
स्थानीय राहगीरों और भारी वाहन चालकों का कहना है कि रात के समय यहाँ से गुजरना सबसे ज़्यादा ख़तरनाक हो जाता है। पर्याप्त रोशनी न होने और सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन यहाँ गाड़ियाँ दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।
जनता का प्रशासन से सीधा सवाल
स्थानीय लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नए बने इस पुल की स्थिति इतनी जल्दी जर्जर कैसे हो गई? क्या निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई थी? आखिर कब तक राहगीरों को इस बदहाली का सामना करना पड़ेगा और प्रशासन इस समस्या की सुध कब लेगा?
जनता की आवाज:
धारीवाल पुल की इस जर्जर स्थिति और प्रशासन की उदासीनता पर आपकी क्या राय है? अपनी प्रतिक्रिया हमें कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताएं।













