ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2026 जारी: पंजाब में SIR का पहला चरण पूरा, ऐसे चेक करें लिस्ट में अपना नाम
नाम कटने पर 12 सितंबर तक फॉर्म-6 भरकर दावा करने का मौका; 16 अगस्त को मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप
चंडीगढ़:पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पहला चरण पूरा होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पंजाब ने ‘ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2026’ जारी कर दी है। मतदाता अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पंजाब के आधिकारिक पोर्टल तथा चुनाव आयोग के राष्ट्रीय पोर्टल पर घर बैठे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम जांच सकते हैं।
CEO पंजाब पोर्टल पर उपलब्ध हैं 3 मुख्य लिंक
सीईओ पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in पर जाकर मतदाता अपना नाम जांचने के लिए तीन प्रमुख विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं:
- DRAFT ROLL 2026: इस लिंक पर क्लिक करके अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनें। कैप्चा दर्ज करने के बाद पार्ट नंबर (बूथ संख्या) के अनुसार वोटर लिस्ट की PDF डाउनलोड की जा सकती है, जिसमें नाम और मतदाता विवरण मौजूद हैं।
- ASDD LIST: इस सूची में उन मतदाताओं की जानकारी दी गई है जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अपना वोटर ID (EPIC) नंबर डालकर स्थिति जांची जा सकती है।
- SEARCH LIST SIR 2003: इस लिंक के माध्यम से 2003 की पुरानी मतदाता सूची में अपना नाम खोजा जा सकता है।
बूथ नंबर याद न होने पर क्या करें?
यदि आपको अपना पार्ट या बूथ नंबर ज्ञात नहीं है, तो भारतीय निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय पोर्टल www.voters.eci.gov.in पर जाकर ‘Search your name in Voter List’ विकल्प का चयन करें। यहां अपना राज्य चुनकर EPIC (वोटर आईडी) नंबर दर्ज करके सीधे विवरण प्राप्त कर सकते हैं।
नाम कट जाने पर 12 सितंबर तक जमा करें फॉर्म-6
जिन मतदाताओं का नाम नई ड्राफ्ट लिस्ट-2026 में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर पुनः नाम शामिल कराने का दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
- आवेदन की अंतिम तिथि: 12 सितंबर
- विशेष शिविर: 16 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। नागरिक वहां जाकर ड्राफ्ट सूची देख सकते हैं तथा नाम न होने की स्थिति में मौके पर ही फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
दस्तावेज और फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया
- ऑफलाइन आवेदन: फॉर्म और जरूरी दस्तावेज अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO), विशेष शिविरों, तहसील/SDM कार्यालय की चुनाव शाखा या ERO/AERO कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं। ऑफलाइन फॉर्म जमा करते समय BLO से रसीद जरूर लें ताकि रेफरेंस नंबर से स्टेटस चेक किया जा सके।
- ऑनलाइन आवेदन: चुनाव आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या Voter Helpline App पर मोबाइल OTP से लॉगिन करें। इसके बाद Form-6 (New Registration for General Electors) चुनकर व्यक्तिगत विवरण, फोटो, आयु व निवास प्रमाण पत्र अपलोड कर सबमिट करें।











