चंबा में नशे के सौदागरों पर शिकंजा: एसआईयू और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 1362 नशीली दवाइयां बरामद
- जांघीं गांव में अविनाश ठाकुर के घर पर दोपहर 2 बजे दी दबिश
- 1147 टापेन्टाडोल टैबलेट और 215 प्रीगाब्लिन कैप्सूल जब्त, आरोपी के खिलाफ मामला दर्
जितेंद्र मेहरा, चंबा: जिले में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। संयुक्त टीम ने जांघीं गांव स्थित एक मकान में छापेमारी कर 1362 नशीली गोलियों और कैप्सूल का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एसआईयू और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने सूचना के आधार पर जांघीं गांव में अविनाश ठाकुर के घर पर अचानक दबिश दी। जब घर की तलाशी ली गई तो वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। टीम ने मौके से 1147 टापेन्टाडोल टैबलेट और 215 प्रीगाब्लिन कैप्सूल जब्त किए।
दवाइयों को कब्जे में लेने के बाद पुलिस व ड्रग विभाग ने आरोपी के खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि इन दवाइयों का मुख्य स्रोत क्या था, इन्हें कहां से लाया गया था और आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई बड़ा ड्रग नेटवर्क काम कर रहा है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण इलाकों तक इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां कैसे पहुंच रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य चेहरों का भी पर्दाफाश किया जाएगा।












