मनाली में दर्दनाक सड़क हादसा: 20 फीट गहरे नाले में गिरी जिम्नी कार, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर
मनाली : पर्यट नगरी मनाली के ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप शनिवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित जिम्नी कार लगभग 20 फीट गहरे मनालसु नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
देर रात 1 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 1 बजे क्लब हाउस के पास पेश आया। कार (संख्या HP26A0011) अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा समाई। हादसे की ज़ोरदार आवाज़ सुनकर पास ही स्थित एक होटल के मैनेजर तुरंत मौके पर पहुंचे। नाले में फंसी कार को देखकर उन्होंने बिना देरी किए पुलिस को सूचित किया।
मृतकों और घायलों की पहचान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नाले से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।
- मृतक: 1. रोहित कुमार (32 वर्ष), निवासी: मंडी 2. करुण बौद्ध, निवासी: कुल्लू (अस्पताल पहुँचाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।)
- उपचाराधीन घायल: 1. विवेक 2. नरेश कुमार 3. उर्मिला (तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।)
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का बयान: > “शवों को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों के मनाली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”











