एनएच-154 पर अवैध कमर्शियल प्लॉटिंग व अप्रोच रोड मामला: एनएचएआई की नोटिस के बावजूद निगम सुस्त, उठ रहे सवाल
पठानकोट (AMI न्यूज़ रिपोर्ट):राष्ट्रीय राजमार्ग 154 (NH-154) पर कथित अवैध कमर्शियल प्लॉटिंग और एनएच से सीधे जोड़ी गई अप्रोच रोड का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाने के बाद नेशनल हाईवे डिविजन (NHAI) ने संज्ञान लेते हुए स्वयं नगर निगम के एमटीपी (Municipal Town Planner) को पत्र लिखा था।
पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस निर्माण व अप्रोच रोड के लिए विभाग की ओर से कोई एसएस परमिशन या एनओसी (NOC) जारी नहीं की गई है। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
पत्र जारी, फिर भी कार्रवाई से बच रहा प्रशासन?
एनएचएआई द्वारा पत्र भेजे कई दिन बीत जाने के बावजूद भी मौके पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। जब AMI न्यूज़ की टीम ने इस विषय पर एमटीपी वजीर राज से दूरभाष (फोन) पर बातचीत की, तो उन्होंने कोई भी पत्र प्राप्त होने से साफ इंकार कर दिया।
हालांकि, न्यूज़ टीम ने स्पष्ट किया कि पत्र उनके कार्यालय के नाम और आधिकारिक पते पर पहले ही जारी किया जा चुका है।
बड़े सवाल:
- यदि आधिकारिक पत्र जारी हो चुका है, तो क्या वह संबंधित अधिकारी तक नहीं पहुँचा?
- यदि पत्र नहीं पहुँचा, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की बड़ी लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।
- और यदि पत्र पहुँच चुका है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
- क्या नगर निगम इस सुस्ती पर जनता को कोई स्पष्ट जवाब देगा?
क्या किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में है निगम?
कार्रवाई में हो रही देरी पर जब एमटीपी वजीर राज से पूछा गया कि क्या इस मामले में कोई दबाव काम कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई दबाव या परिस्थिति होगी, तो वह स्वयं इसकी जानकारी देंगे।
जनहित व सड़क सुरक्षा का मुद्दा
AMI न्यूज़ स्पष्ट करता है कि यह रिपोर्ट किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़ा मुद्दा है। यदि नगर निगम या कोई संबंधित पक्ष इस मामले पर अपना दृष्टिकोण या स्पष्टीकरण रखना चाहता है, तो उनका स्वागत है।











