गुरदासपुर: मेरिटोरियस स्कूल के पास शिव शक्ति मंदिर में तोड़फोड़, चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया आरोपी

गुरदासपुर : बबरी बाईपास स्थित मेरिटोरियस स्कूल के नजदीक बने शिव शक्ति मंदिर में दिनदहाड़े तोड़फोड़ और चोरी की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, मुस्तैद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद से इलाके के श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है।

दीवार फांदकर मंदिर में घुसा आरोपी, काट दीं CCTV की तारें
मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं से मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के महंत देवा जी मुख्य गेट बंद करके किसी निजी काम से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर देखने में प्रवासी प्रतीत होने वाला एक अज्ञात युवक मंदिर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गया। आरोपी ने चोरी की नीयत से मंदिर परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। शातिर आरोपी ने पकड़े जाने के डर से सबसे पहले मंदिर में लगे सभी CCTV कैमरों की तारें काट दीं ताकि उसकी कोई भी हरकत रिकॉर्ड न हो सके।

मूर्तियों के आभूषण उतारे, बैग में भरा सामान
आरोप है कि युवक ने मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों से आभूषण उतार लिए। इसके अलावा, उसने पीतल और तांबे की कीमती मूर्तियों सहित मंदिर का अन्य सामान भी चोरी कर अपने बैग में भर लिया। वह सारा सामान समेटकर फरार होने की फिराक में था।
श्रद्धालुओं ने घेरा, हमले की कोशिश के बाद दबोचा
इससे पहले कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देकर मंदिर परिसर से बाहर भाग पाता, बाहर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मंदिर को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने बचने के लिए श्रद्धालुओं पर हमला करने की भी कोशिश की, लेकिन एकजुट हुए लोगों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस के हवाले किया, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले आरोपी को कर दिया गया। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में गहरा रोष है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थल का अपमान करने और चोरी का प्रयास करने वाले इस आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








