पठानकोट: मक्खन दा ढाबा के पास खस्ताहाल सड़क दे रही हादसों को न्योता, नगर निगम ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन

पठानकोट:पठानकोट-जोगिंदरनगर नैरो गेज छोटी रेलवे लाइन के समीप, मक्खन दा ढाबा के पास की मुख्य सड़क पिछले लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर बने गहरे और बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन होने वाले हादसों का कारण बन रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों में भारी रोष है।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए आज हमारे संवाददाता ने नगर निगम (Nagar Nigam) पठानकोट के एक्सियन (XEN) प्रभजोत सिंह से विशेष मुलाकात की और उन्हें इस खस्ताहाल सड़क की स्थिति से अवगत करवाया।

जल्द शुरू होगा मरम्मत का कार्य: एक्सियन
मामले की जानकारी मिलते ही एक्सियन प्रभजोत सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि मामला उनके ध्यान में ला दिया गया है और वह जल्द ही संबंधित जेई (JE) को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि तुरंत पैचवर्क या मरम्मत की जरूरत हुई, तो उसे तुरंत प्रभाव से शुरू करवा दिया जाएगा ताकि जनता को परेशानी न हो।
निगम दफ्तर में दर्ज करवाएं शिकायत
एक्सियन ने पठानकोट निवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि शहर में कहीं भी इस तरह की समस्या आती है, तो लोग सीधे नगर निगम कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा निगम के हेल्पलाइन नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है, जिस पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








