शाहपुर कंडी से सुजानपुर तक खस्ताहाल सड़क को लेकर लोगों का रोष, सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन

शाहपुर कंडी, 23 अक्तूबर: शाहपुर कंडी से लेकर सुजानपुर के चार नंबर पुल तक की जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। इस सड़क के साथ लगते करीब साठ गांवों के निवासियों ने पंजाब सरकार की कार्यशैली के खिलाफ सांकेतिक धरना और रोष प्रदर्शन किया। यह धरना भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन सिंह जग्गा, सरपंच बलविंदर सिंह मक्खन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के नेतृत्व में चौक वाला खूह पर आयोजित किया गया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। लोगों ने “रोड बनाओ – जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन से तुरंत सड़क निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से करीब दस किलोमीटर लंबी यह सड़क बेहद खराब हालत में है, जिस पर वाहन चलाना अब जोखिम भरा हो गया है। बारिश के मौसम में सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन न तो संबंधित विभाग और न ही प्रशासन इसकी सुध ले रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आने वाले चुनावों में विरोध दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगे और 27 अक्तूबर को बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में भाजपा नेता जगमोहन सिंह जग्गा, सरपंच बलविंदर सिंह मक्खन, जसवंत सिंह रानीपुर, सुरेश कुमार, सन्नी कुमार, सुखदेव सिंह, कमल सिंह कोहाल, गुलजार सिंह, डी.आर. भगत, डा. सिमर सिंह, शेर सिंह, सुखदेव राज, नरेंद्र सिंह, सुरिंद्र सिंह, सिमरनजीत सिंह, करनैल सिंह, दर्शन सिंह, गुरदीप सिंह, पवन कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
वहीं, मंडी बोर्ड के एसडीओ रोहन कोहाल ने जानकारी दी कि इस सड़क के नवीनीकरण का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है और इसे प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत शामिल किया गया है। जैसे ही फंड मंजूर होगा, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।








