कांगड़ा: पेड़ से लटका मिला 24 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी
सोलधा पंचायत की घटना; बड़े भाई के साथ किराए के कमरे में रहकर करता था मिस्त्री का काम, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम

कोटला (कांगड़ा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के तहत आती सोलधा पंचायत में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोटला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रात को छत पर सोने गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 24 वर्षीय कर्ण, पुत्र रमेश कुमार, निवासी नगाबाड़ी (नूरपुर) के रूप में हुई है। कर्ण पिछले कुछ समय से अपने बड़े भाई अरुण के साथ सोलधा में एक किराए के कमरे में रहता था। दोनों भाई इलाके में ही मिस्त्री (राजमिस्त्री) का काम कर अपनी आजीविका कमा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बीते रविवार को काम से लौटने के बाद दोनों भाइयों ने हमेशा की तरह साथ में खाना खाया। इसके बाद कर्ण सोने के लिए मकान के लेंटर (छत) पर चला गया। सोमवार सुबह जब मकान मालिक अश्विनी कुमार की नजर बाहर पड़ी, तो उन्होंने कर्ण के शव को पेड़ से लटका हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और आसपास के लोगों को दी।
हर पहलू से जांच कर रही है पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खोजी और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम (FSL) को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या कहते हैं अधिकारी?
एएसपी (ASP) धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
“पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।”








