वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दोराहा और पायल से दो युवतियां रहस्यमयी ढंग से लापता; पुलिस के संवेदनहीन रवैये और बयानों पर उठे गंभीर सवाल

दोराहा और पायल इलाके से दो युवतियां रहस्यमयी ढंग से लापता, पुलिस के रवैये पर उठे सवाल

​* परिजनों में चिंता का माहौल, थानों में गुमशुदगी की डीडीआर दर्ज

​* जांच अधिकारियों को अपनी ही जांच की खबर नहीं, गैर-जिम्मेदाराना बयानों से बढ़ा आक्रोश

दोराहा/पायल, 25 मई 2026:

दोराहा और पायल इलाकों से दो युवतियों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले सामने आने से पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। दोनों ही मामलों में संबंधित पुलिस थानों द्वारा गुमशुदगी संबंधी डीडीआर (DDR) तो दर्ज कर ली गई है, लेकिन पुलिस की ढीली कार्रवाई और जांच अधिकारियों के अजीबोगरीब बयानों ने कानून व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपनी बेटियों की तलाश में पीड़ित परिजन दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

मामला 1: दोराहा की 30 वर्षीय लवली शर्मा लापता

​थाना दोराहा के अधीन आते वार्ड नंबर 13 की रहने वाली 30 वर्षीय लवली शर्मा पुत्री अमृता शर्मा बीते 21 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। इस संबंध में भारत शर्मा पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा (निवासी वार्ड नंबर 13, दोराहा) द्वारा पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद थाना दोराहा में डीडीआर नंबर 33 (दिनांक 23 मई 2026) दर्ज की गई।

जांच अधिकारी का गैर-जिम्मेदाराना बयान: > जब इस मामले के जांच अधिकारी एसआई (SI) सुखजीत सिंह से संपर्क किया गया, तो उनका जवाब चौंकाने वाला था। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस डीडीआर के बारे में कोई जानकारी नहीं है और इसके लिए थाने के मुंशी से बात की जाए। उन्होंने यह तक कह दिया कि “थाने द्वारा कई बार उनका नाम खुद ही दर्ज कर दिया जाता है।”

​बातचीत के दौरान एसआई सुखजीत सिंह ने संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए कहा, “लड़कियों की गुमशुदगियां आम बात हैं, कई भागकर शादी भी कर लेती हैं।” इसके बाद उन्होंने उल्टा पत्रकार से ही सवाल दाग दिया कि “आपका इस लड़की के साथ क्या संबंध है?” जब उनसे सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर मांगा गया, तो उन्होंने नंबर देने का बहाना बनाकर फोन काट दिया। दूसरी ओर, थाना दोराहा के मुंशी द्वारा सरकारी फोन रिसीव न करने के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह संदेह के घेरे में है।

 

मामला 2: गांव दाउमाजरा की 24 वर्षीय अंजली भी लापता

​इसी तरह का दूसरा मामला थाना पायल के तहत आते गांव दाउमाजरा से सामने आया है। यहां की रहने वाली 24 वर्षीय अंजली पुत्री परमजीत सिंह भी बीती 21 मई 2026 से लापता है। इस मामले में अंजली की माता रेखा पत्नी परमजीत सिंह द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर थाना पायल में डीडीआर नंबर 9 (दिनांक 22 मई 2026) दर्ज की गई है।

यहां भी जांच अधिकारी ने झाड़ा पल्ला:

इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई (ASI) पवनजीत से जब प्रगति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने भी अपनी ही डीडीआर से अनभिज्ञता जताई। जब उन्हें याद दिलाया गया कि यह डीडीआर उनके द्वारा ही दर्ज की गई है, तो उन्होंने जांच की जानकारी देने के बजाय “बाद में बात करूंगा” कहकर फोन काट दिया।

जनता में भारी रोष

​दोनों ही मामलों में लापता लड़कियों के परिजन मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। पुलिस प्रशासन के इस अड़ियल और संवेदनहीन रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। क्षेत्रवासियों ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि इन मामलों में तुरंत संज्ञान लिया जाए, जांच में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और युवतियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!