अंबाला में कत्ल, सिरमौर में फूंका शव: प्रेम प्रसंग में खौफनाक वारदात का खुलासा
फिल्मी अंदाज में रची गई थी मर्डर मिस्ट्री, पुलिस ने आरोपी नवीन को पांवटा साहिब से दबोचा

पांवटा साहिब/अंबाला:हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के कोलर में जंगल में मिले एक अज्ञात अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड का सच किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका हरियाणा की रहने वाली थी, जिसकी हत्या अंबाला के बराडा में की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को हिमाचल की सीमा में लाकर जला दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन, निवासी बराडा (अंबाला) को पांवटा साहिब के समीप बातापुल से गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल में मिला था अधजला शव
मामला तब सामने आया जब पांवटा साहिब उपमंडल की कोलर पंचायत में नेशनल हाईवे-07 से करीब 100 मीटर दूर जंगल में एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ। माजरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतका की शिनाख्त करना था।

अंबाला में हत्या, बैग में भरकर लाए हिमाचल
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी नवीन का युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि नवीन ने युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला स्थित अपने घर (बराडा) में की थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बड़े बैग में भरा और उसे ठिकाने लगाने के लिए कार या अन्य माध्यम से हिमाचल प्रदेश ले आया। यहां सुनसान जंगल देख आरोपी ने शव को आग के हवाले कर दिया ताकि मृतका की पहचान न हो सके।

CCTV फुटेज से खुला राज
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सीसीटीवी कैमरों ने अहम भूमिका निभाई। जांच के दौरान अंबाला में आरोपी नवीन और उसका एक साथी शव को रेहड़ी पर ले जाते हुए फुटेज में कैद हुए थे। इन पुख्ता सबूतों के आधार पर अंबाला की बराडा पुलिस और सिरमौर की माजरा पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस की कार्रवाई जारी
बराडा थाना पुलिस ने इस संबंध में पहले ही मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में नवीन के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
“आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। कत्ल की मुख्य वजह और अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ जारी है।”
— पुलिस प्रवक्ता








