फिरोजपुर बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम: बी.एस.एफ. ने नेपाली नागरिक को दबोचा
डेढ़ साल से घर से लापता था युवक, पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले

फिरोजपुर : भारत-पाकिस्तान सीमा पर मुस्तैद सीमा सुरक्षा बल (B.S.F.) के जवानों ने फिरोजपुर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान जाने की कोशिश कर रहे एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बी.ओ.पी. (बॉर्डर आउट पोस्ट) ‘बस्ती राम लाल’ के इलाके से तारबंदी पार करने की फिराक में था, तभी सतर्क जवानों ने उसे धर दबोचा।

शक्ति मंगर के रूप में हुई पहचान
बी.एस.एफ. द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शक्ति मंगर के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में जब सुरक्षा एजेंसियों ने उसके द्वारा बताए गए पते पर परिवार से संपर्क किया, तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। परिजनों ने बताया कि शक्ति पिछले डेढ़ साल से घर से लापता था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। वह किन परिस्थितियों में बॉर्डर तक पहुँचा और पाकिस्तान क्यों जाना चाहता था, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
मेडिकल जांच के बाद पुलिस को सौंपा
पकड़े जाने के बाद नियमानुसार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। सिविल अस्पताल फिरोजपुर की मेडिकल अफसर डॉ. प्रीति गर्ग ने पुष्टि करते हुए बताया:
”बी.एस.एफ. के जवान एक व्यक्ति को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाए थे। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे वापस बी.एस.एफ. के सुपुर्द कर दिया गया है।”

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
बी.एस.एफ. ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी का किसी संदिग्ध संगठन से जुड़ाव तो नहीं है या वह गलती से इस इलाके तक पहुँच गया था।








