जालंधर: PNB बैंक के लॉकर से 10 लाख का सोना ‘रहस्यमय’ ढंग से गायब, पीड़ित परिवार का हंगामा

जालंधर: शहर के माई हीरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। सत नगर निवासी एक ग्राहक के बैंक लॉकर से करीब 6 से 7 तोले सोने के गहने गायब होने का आरोप लगा है। गायब हुए गहनों की बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बैंक में जमकर रोष प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित जतिंदर चड्डा ने बताया कि उन्होंने करीब 15 साल पहले इस शाखा में लॉकर (नंबर 336) लिया था। इसमें वर्ष 2007 से उनकी मां द्वारा उनकी पत्नी को दिए गए पुश्तैनी गहने रखे हुए थे। जतिंदर के अनुसार, “बीती 13 अप्रैल को जब मैंने लॉकर चेक किया था, तब सारा सामान सुरक्षित था। आज दोपहर करीब 11-12 बजे जब मैं कुछ और गहने रखने के लिए लॉकर खोलने पहुंचा, तो मेरे होश उड़ गए। लॉकर के अंदर से 6 से 7 तोले सोना गायब था।”

बैंक प्रबंधन और ग्राहक के बीच तकरार
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक मैनेजर से शिकायत की। पीड़ित का आरोप है कि बैंक प्रबंधन इस मामले में जिम्मेदारी लेने से कतरा रहा है। बैंक कर्मचारियों का तर्क है कि लॉकर के भीतर रखे सामान की सुरक्षा के लिए ग्राहक स्वयं जिम्मेदार होता है। वहीं, जतिंदर चड्डा का कहना है कि:
”जब लॉकर की एक चाबी बैंक के पास रहती है और बैंक इसके बदले हमसे सालाना शुल्क (रेंट) वसूलता है, तो वे अपनी जिम्मेदारी से कैसे पल्ला झाड़ सकते हैं?”
लॉकर रूम में नहीं हैं सीसीटीवी कैमरे
जांच के दौरान एक और बड़ी खामी सामने आई है। बैंक मैनेजर ने स्वीकार किया कि जिस क्षेत्र में लॉकर स्थित हैं, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि, उन्होंने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि इस मामले की लिखित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

पुलिस जांच शुरू
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बैंक मैनेजर से रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज मांगे हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और बैंक के एंट्री रजिस्टर की भी जांच की जाएगी।








