चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा टला: चनू की हट्टी के पास धंसी सड़क, 3 घंटे तक थमी रही रफ्तार

चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ‘चनू की हट्टी’ के पास मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस समय सड़क धंसी, वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस भूस्खलन के कारण हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चनू की हट्टी के पास नेशनल हाईवे (NH) प्राधिकरण द्वारा सड़क को मजबूती देने के लिए रिटेनिंग वॉल (डंगे) का निर्माण किया जा रहा था। नींव के लिए की जा रही खुदाई के दौरान अचानक ऊपर से मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा दरक कर नीचे जा गिरा।
स्कूली बच्चों और कर्मचारियों की बढ़ी मुश्किलें
सड़क धंसने के कारण सुबह 8 बजे से ही हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। व्यस्त समय होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को उठानी पड़ी। करीब तीन घंटे तक राहगीर और स्थानीय लोग जाम में फंसे रहे, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

युद्ध स्तर पर चला बहाली का काम
घटना की सूचना मिलते ही एनएच मंडल चंबा की टीम भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। मलबे को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए विभाग ने युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
खतरे के साए में सफर: रावी नदी में समाने का डर
भले ही मार्ग बहाल कर दिया गया है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है। जिस जगह खुदाई हुई है, वहां जमीन अब भी धीरे-धीरे धंस रही है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने चिंता जताई है कि सड़क का यह हिस्सा कभी भी नीचे बह रही रावी नदी में समा सकता है। विशेष रूप से भारी वाहनों का इस कच्ची और संकरी जगह से गुजरना किसी बड़े जोखिम से कम नहीं है।

क्या कहते हैं अधिकारी:
“चनू की हट्टी के पास सड़क धंसने की सूचना मिलते ही विभाग ने मशीनरी तैनात कर सुबह 11 बजे तक मार्ग बहाल कर दिया था। प्रभावित हिस्से की लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द ही इसे रिटेनिंग वॉल लगाकर पूरी तरह सुरक्षित कर लिया जाएगा।”
— वीरेंद्र ठाकुर, सहायक अभियंता (NH मंडल, चंबा)








