गगरेट: आबकारी विभाग और पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, अम्बोटा में घर से 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

गगरेट : हिमाचल प्रदेश के गगरेट उपमंडल के तहत आते अम्बोटा गांव में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 45 पेटी से अधिक अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को गुप्त सूत्रों से पक्की जानकारी मिली थी कि अम्बोटा गांव के एक घर के भीतर अवैध शराब का बड़ा स्टॉक छुपाकर रखा गया है, जिसे आगामी दिनों में खपाने की योजना थी। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग ने तुरंत पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और छापेमारी की योजना बनाई।
छापेमारी और बरामदगी आबकारी निरीक्षक प्रदीप कुमार और राकेश रहालिया के नेतृत्व में टीम ने जब संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। घर के अंदर अलग-अलग नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की 45 से अधिक पेटियां व्यवस्थित तरीके से छुपाकर रखी गई थीं। बरामद की गई शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
“अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। अम्बोटा में हुई यह कार्रवाई एक संदेश है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी हमारी टीमें इसी तरह मुस्तैद रहेंगी।” > — विशाल गोरला, उपायुक्त, आबकारी विभाग









