लिव-इन-पार्टनर ने साथियों संग मिलकर व्यक्ति को किया अगवा, मारपीट; दो महिलाएं गिरफ्तार
अबोहर नगर थाना नं. 2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

अबोहर :स्थानीय मोहल्ला ठाकर आबादी निवासी एक व्यक्ति को सरेआम अगवा करने और मारपीट करने के सनसनीखेज मामले में नगर थाना नं. 2 की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने पीड़ित की लिव-इन-पार्टनर सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार पुत्र मंगत राम, निवासी ठाकर आबादी ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनके साले सुरेंद्र का अपनी पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। इस दौरान सुरेंद्र डबवाली की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
बीते दिन जब सुरेंद्र अबोहर आया और उसने सुरेश को अजीमगढ़ मिलने के लिए बुलाया, तो डबवाली से आई महिला ने अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ वहां हमला बोल दिया। हमलावरों ने सुरेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब सुरेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। इसके बाद हमलावर सुरेंद्र को जबरन कार में डालकर अगवा कर ले गए।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस
सुरेश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंडी डबवाली के रविदास नगर निवासी:
- प्रेमचंद उर्फ विक्की
- सन्नी
- मोनिका उर्फ सोनिका
- पायल
- तथा 2 अन्य अज्ञात व्यक्तियों
के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 140(3), 115(2), 191(3) व 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
“शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और नामजद आरोपी मोनिका उर्फ सोनिका और पायल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।”
— दविंदर सिंह, थाना प्रभारी, नगर थाना नं. 2








