रोहड़ू के कुलगांव में ‘हर्ष फायरिंग’ से महिला की मौत, सीएम सुक्खू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

शिमला/रोहड़ू: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव में एक नवनिर्मित मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान मातम पसर गया। धार्मिक आयोजन के बीच हुई ‘हर्ष फायरिंग’ में एक 26 वर्षीय महिला की जान चली गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पुलिस व जिला प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

धार्मिक समारोह में मची अफरा-तफरी मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुलगांव में नए मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य धार्मिक सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्र हुए थे। इसी दौरान उत्सव के माहौल में कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की गई, जिसकी एक गोली वहां मौजूद महिला को लग गई। आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट, जांच के आदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले का विस्तृत विवरण मांगा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक समारोहों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा:
”मैने अधिकारियों को गहन जांच के निर्देश दिए हैं। इस घटना में जिसकी भी जवाबदेही बनती है, उसे तय किया जाना चाहिए और कानून के अनुसार सख्त से सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।”









