बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में फिर दरकी पहाड़ी, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

हमीरपुर/दियोटसिद्ध: सुप्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर मार्ग पर अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।

गनीमत यह रही कि पत्थरों की चपेट में कोई श्रद्धालु नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। पत्थर गिरते देख श्रद्धालुओं ने भागकर अपनी जान बचाई।
उसी स्थान पर दोबारा हुआ लैंडस्लाइड
उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड पार्किंग के पास जिस स्थान पर यह लैंडस्लाइड हुआ है, वहां कुछ समय पहले भी भारी भूस्खलन हुआ था। उस समय एक महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उस घटना के बाद प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए एसडीआरएफ (SDRF) और फायर ब्रिगेड की मदद से पहाड़ी को स्लाइडिंग मुक्त करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया था, लेकिन ताजा घटना ने सुरक्षा प्रबंधों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

दुकानदारों और श्रद्धालुओं में दहशत
बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण मंदिर परिसर में अस्थायी दुकानें चलाने वाले स्थानीय दुकानदारों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में डर का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
प्रशासन का पक्ष
“पहाड़ी से दोबारा पत्थर गिरने की सूचना मिली है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर एक गार्ड तैनात कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को खतरे वाले हिस्से से दूर रखा जा सके। जल्द ही इस स्थान पर भूस्खलन रोकने के लिए पक्के और पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।”
— सुभाष मल्होत्रा, मंदिर अधिकारी







