दहशत: पंजाब के स्कूलों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

लुधियाना/बठिंडा/फिरोजपुर: पंजाब में एक बार फिर आतंकी साया मंडराने की खबर से हड़कंप मच गया है। आतंकी संगठन ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ की ओर से एक धमकी भरा ईमेल भेजकर लुधियाना, बठिंडा और फिरोजपुर के स्कूलों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इस ईमेल के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ईमेल में दी गई बड़ी धमकी
जानकारी के अनुसार, लुधियाना के एक प्रमुख स्कूल को भेजे गए इस ईमेल में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के तथाकथित इंजीनियरों और डॉक्टरों के नाम लिखे गए हैं। इसमें इंजीनियर गुरअनख सिंह, रुकन शाहवाले, डॉक्टर गुरनीरवेर सिंह और खान राजदा का जिक्र है। ईमेल में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि “बम धमाका स्कूलों और ट्रेन ट्रैक पर होगा… पंजाब अब खालिस्तान।”

मुख्यमंत्री और बच्चों को बनाया निशाना
हैरानी की बात यह है कि इस मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को भी सीधे तौर पर धमकी दी गई है। अभिभावकों को डराने के लिए लिखा गया है— “अपने बच्चे बचाओ, शुक्रवार को बच्चों को स्कूल न भेजें।” साथ ही, ‘ब्लैकआउट’ वाले दिन अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा और फिरोजपुर के रेलवे ट्रैक को IED से ब्लास्ट करने की बात कही गई है और यात्रियों को रेल सफर न करने की सलाह दी गई है।
रेलवे स्टेशन और स्कूलों में सघन तलाशी
धमकी का पता चलते ही जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया:
- प्लेटफार्म पर चेकिंग: लुधियाना और अन्य स्टेशनों पर यात्रियों के सामान और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई।
- स्पेशल टीमें: चेकिंग के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) तैनात किए गए।
- भीड़भाड़ वाले इलाके: माल गोदाम, पार्किंग और वेटिंग एरिया में राउंड-द-क्लॉक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रशासन की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि यह ईमेल किसी शरारती तत्व की साजिश भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी इनपुट को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साइबर सेल की टीमें ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी हैं।







