कनाडा में नफरती हमला: अमृतसर के युवक की 3 कारों को फूंका, घर के बाहर लिखे ‘गो बैक’ के नारे

ओंटारियो (कनाडा): कनाडा के ओंटारियो प्रांत में प्रवासी भारतीयों को निशाना बनाने की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ अमृतसर से संबंध रखने वाले एक पंजाबी युवक के घर को निशाना बनाया गया और उसके घर के बाहर खड़ी तीन लग्जरी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। हमलावरों की मंशा केवल संपत्ति को नुकसान पहुँचाना नहीं थी, बल्कि मौके पर “गो बैक” (वापस जाओ) के नारे लगाकर इसे एक नफरती हमले (Hate Crime) का रूप भी दिया गया।

सीसीटीवी में कैद हुई हमलावरों की करतूत
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। कि अज्ञात हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को आग लगाई। देखते ही देखते तीनों गाड़ियाँ आग की लपटों में घिर गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। गनीमत यह रही कि आग की लपटें घर के मुख्य हिस्से तक पहुँचने से पहले ही काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।
6 साल से बहन के साथ रह रहा था पीड़ित
पीड़ित युवक मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। वह पिछले करीब छह वर्षों से अपनी बहन के साथ ओंटारियो के इस घर में रह रहा था। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में रहने वाले अन्य भारतीय मूल के लोगों में भी दहशत का माहौल है।

नफरती हमले की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय मौके पर लगाए गए “गो बैक” के नारे हैं। प्रारंभिक जांच में इसे ‘हेट क्राइम’ के तौर पर देखा जा रहा है।
“हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है। समुदाय की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।” — स्थानीय पुलिस प्रवक्ता






