4 नवंबर को संगरूर में होने वाली ‘इंसाफ रैली’ को लेकर पठानकोट में कांग्रेस की अहम बैठक, विधायक पवन कुमार आदिया ने मान सरकार और भाजपा पर बोला तीखा हमला
4 नवंबर को पंजाब के संगरूर में होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘इंसाफ रैली’ की तैयारियों का जायजा लेने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए होशियारपुर के शाम चौरासी से विधायक पवन कुमार आदिया पठानकोट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत और बैठक में विधायक पवन कुमार आदिया ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
विधायक पवन कुमार आदिया ने कहा कि 4 नवंबर को संगरूर में आयोजित हो रही इंसाफ रैली में राहुल गांधी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे और यह रैली आम जनता के छिन चुके अधिकारों की वापसी का चुनावी बिगुल बनेगी। उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि आज पंजाब में नशा, गैंगस्टर संस्कृति, व्यापारियों से रंगदारी और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर हैं तथा राज्य में कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। जब तक भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटाया नहीं जाता, तब तक पंजाब की समस्याएं हल नहीं हो सकतीं।
भाजपा पर हमला बोलते हुए आदिया ने कहा कि जैसे दुनिया में डायनासोर का वापस आना असंभव है, वैसे ही पंजाब की धरती पर भाजपा का आना भी असंभव है और जनविरोधी नीतियों के कारण पंजाब की जनता ने जनसंघ के जमाने से लेकर आज तक कभी भाजपा को स्वीकार नहीं किया है। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष विज ने स्वागत करते हुए कहा कि पठानकोट से संगरूर की दूरी सबसे अधिक होने के बावजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और तय लक्ष्य से दोगुना काफिला इस रैली में भाग लेने के लिए रवाना होगा, जो पंजाब के अधिकारों की रक्षा के लिए एक ‘महासंग्राम’ साबित होगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना लाल भाटिया, पूर्व विधायक जोगिंदर पाल, वरिष्ठ नेता आशीष विज, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश बबली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनी ज्योति, शालू भट्टी, सेवादल और यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पम्मी पठानिया, तोषी महाजन सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










