गांधी चौक और पोस्ट ऑफिस के पास अवैध पार्किंग से लग रहा है भीषण जाम, राहगीर परेशान
गांधी चौक से पोस्ट ऑफिस के आगे का मुख्य मार्ग अवैध पार्किंग के चलते गंभीर यातायात समस्याओं से जूझ रहा है। स्थिति यह है कि यहां बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने के कारण आधे से ज्यादा सड़क का हिस्सा घिर चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
स्थानीय लोगों और बाजार आने वाले नागरिकों का कहना है कि पोस्ट ऑफिस, पासपोर्ट कार्यालय तथा आसपास के बाजारों में आने वाले लोग अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे ही पार्क करके चले जाते हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग मुख्य सड़क को ही पार्किंग स्थल बना रहे हैं, जिससे दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं और ट्रैफिक ठप हो जाता है।
गांधी चौक से लेकर सिविल अस्पताल तक के व्यस्त मार्ग पर जाम की यह समस्या आम हो गई है। संकरे रास्ते पर दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी होने से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना रहता है।
प्रशासन और ट्रैफिक विभाग द्वारा समय-समय पर लोगों को जागरूक करने और अवैध पार्किंग पर चालान की कार्रवाई करने के बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। वाल्मीकि चौक के पास निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
क्षेत्रीय जनता और दुकानदारों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाने के साथ ही वाहन चालकों के लिए उचित पार्किंग स्थल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि शहरवासियों को इस रोजाना की जाम की समस्या से राहत मिल सके।











